मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में पक्षकार दिनेश शर्मा के खिलाफ गुंडा एक्ट में कार्रवाई से हिन्दूवादी संगठनों में रोष है।
अखिल भारत हिंदू महासभा, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा और धर्म रक्षा संघ आदि संगठनों ने पुलिस कार्रवाई वापस लिए जाने की मांग की है। गत 16 अप्रैल को श्रीकृष्ण जन्म भूमि संघर्ष न्यास समिति के अध्यक्ष दिनेश शर्मा के विवादित बयान के आरोप में गोविंद नगर थाना पुलिस ने धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने दिनेश को जेल भेज दिया था। जेल से जमानत पर छूटने के बाद अब गोवर्धन थाना पुलिस ने दिनेश शर्मा के खिलाफ यूपी गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
अखिल भारत हिन्दू महासभा के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित संजय हरियाणा ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश शर्मा के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की तीखे शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा है कि इस विषय पर एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने भी दिनेश शर्मा पर गुंडा एक्ट लगाए जाने का विरोध किया है।
इस संबंध में बाड़ा बिहारी दास जनरलगंज में आयोजित बैठक में अभा ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद कौशिक, जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र शर्मा एडवोकेट ने कहा कि अनावश्यक ही श्रीकृष्ण भक्त को परेशान ना किया जाए। ये कार्रवाई राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हो सकती है। बैठक में देवेंद्र शर्मा, विनोद शर्मा, जयराम शर्मा, सतीश चंद्र शर्मा, अश्वनी शर्मा, गौतम विनोद, हरीश शर्मा आदि उपस्थित थे।
संत समाज ने किया पुलिस कार्रवाई का विरोध
वृंदावन स्थित भवगत मंदिर में आयोजित बैठक में धर्म रक्षा संघ ने दिनेश शर्मा पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया है। इसमें संत समाज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसका तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। बैठक की अध्यक्षता धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश ने की।
बैठक में बृजवासी पांडा सभा के अध्यक्ष श्याम सुंदर गौतम और अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष छाया गौतम ने कहा कि अब समय आ गया है, जब प्रत्येक सनातनी को एक होना होगा। विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष पं जयराम शर्मा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के राष्ट्रीय महामंत्री अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई से संपूर्ण ब्रजमंडल में उबाल है। अतिशीघ्र हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य चक्रपाणि महाराज मथुरा आ रहे हैं। महामंडलेश्वर कृष्णानंद महाराज एवं स्वामी चित्र पूर्णानंद, बृज देवालय परिषद के वृंदावन नगर अध्यक्ष कौशल भारद्वाज, मेघश्याम गौतम आदि मौजूद रहे।