मथुरा। कोरोना संक्रमण के कारण बंद स्कूलों का सन्नाटा करीब सात माह बाद सोमवार को टूटा। प्रदेश सरकार के आदेश के बाद कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल खोल दिए गए। स्कूल संचालकों ने सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पालन कराया। विद्यार्थियों की प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की, इसके कक्षाओं में उन्हें उचित दूरी पर बैठाया गया।
सोमवार सुबह पहली पाली में कक्षा 9 व 10 और दूसरी पाली में कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को बुलाया गया। पहली पाली की कक्षाएं सुबह 8.50 से 11.50 कक्षाएं लगीं। दूसरी पाली की पढ़ाई 12.20 से 3.20 तक हुई। कक्षाओं में अधिकतम 50 प्रतिशत तक बच्चे ही बुलाया गया। जवाहर इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, केआर इंटर कॉलेज, बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज में कम संख्या में विद्यार्थी स्कूल पहुंचे।
कॉलेज में छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। मास्क पहने विद्यार्थियों को ही स्कूल में प्रवेश दिया गया। पहले दिन दोनों पालियों में मिलाकर 152 विद्यार्थी विद्यालय में आए हैं।
- राकेश माहेश्वरी, प्रधानाचार्य, चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज
श्रीजी बाबा बाल विद्या मंदिर में विद्यार्थियों की उपस्थिति 30 प्रतिशत रही। दोनों पालियों में लगभग 200 विद्यार्थी ही स्कूल आए। विद्यालय में सरकार की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया गया।
- राजीव कुमार, प्रधानाचार्य, श्रीजी बाबा बाल विद्या मंदिर
विद्यालय में छात्राओं की संख्या कम रही। पहले दिन दोनों पालियों में 50 छात्राएं आईं। छात्राओं को सरकार की गाइड लाइन के अनुसार पहले थर्मल स्क्रीनिंग से जांच करने के बाद प्रवेश दिया गया।
- राकेश चतुर्वेदी, मीडिया प्रभारी, श्रीजी बाबा कन्या विद्या मंदिर।
पहली पाली में 22 और दूसरी पाली में 12 विद्यार्थी आए थे, लेकिन उनके पास अभिभावकों की सहमति पत्र न होने पर उनसे मंगलवार को पत्र लेकर आने के लिए कहा गया है।
- साजिद इकबाल, प्रधानाचार्य, इस्लामियां इंटर कॉलेज।
पहली पाली में दो और दूसरी पाली में मात्र एक विद्यार्थी स्कूल आया। जबकि कई विद्यार्थी अपने अभिभावकों के लिखित सहमति पत्र लेकर नहीं आए थे, इसलिए उन्हें स्वीकृति पत्र लेकर आने के लिए कहा है।
- अमित सारस्वत, प्रधानाचार्य, बीएन पोद्दार इंटर कालेज
विद्यालयों का निरीक्षण कर कराया नियमों का पालन
मथुरा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह ने सभी विद्यालयों के लिए जारी की गई सुरक्षा गाइडलाइन का जायजा लिय। डीआईओएस ने वीडीपी राजकीय इंटर कॉलेज, किशोरी रमण कन्या इंटर कॉलेज, चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, कृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या, रतन विद्या मंदिर, डीएवी इंटर कॉलेज, चमेली देवी खंडेलवाल इंटर कॉलेज, जवाहर विद्यालय इंटर कॉलेज में निरीक्षण किया।
उन्होंने पाया कि सभी छात्र-छात्राएं मास्क पहन रखे गए थे, उन्हें तय मानक के हिसाब से ही बैठाया गया। डीआईओएस ने राजकीय जिला पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। वहां भी गाइडलाइन का अनुपालन होता मिला। डीआईओएस ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से सरकार की गाइड लाइनों का पूरी तरह पालन करने के आदेश दिए हैं। संतोष सारस्वत, प्रमोद कुमार, संदेश कुमार, छीतर सिंह शास्त्री, डॉ. अखिलेश यादव, शारदा मिश्रा, बच्चू सिंह मौजूद थे।