वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे गाजियाबाद के श्रद्धालु परिवार के साथ रविवार को बड़ा हादसा हो गया। कतार में खड़ी एक वर्षीय बच्ची के सिर पर जर्जर भवन के छज्जे का हिस्सा गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लहूलुहान हालत में बच्ची को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र अंतर्गत वसुंधरा कॉलोनी निवासी अमित अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ बांकेबिहारी के दर्शन के लिए वृंदावन आए थे। रविवार को परिवार के सभी सदस्य मंदिर जाने के लिए फलाहारी बाबा वाली गली में दर्शन की कतार में खड़े थे। इसी दौरान गली स्थित एक जर्जर भवन के छज्जे पर बैठे बंदर ने उछलकूद की।
बंदर की हलचल से छज्जे का एक हिस्सा टूटकर नीचे कतार में खड़ी अमित की एक वर्षीय पुत्री अर्पिता के ऊपर जा गिरा। छज्जे का मलबा गिरने से बच्ची के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। अचानक हुए हादसे से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पिता अमित आनन-फानन में घायल अर्पिता को लेकर रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा बच्ची का इलाज किया जा रहा है।