जिले में डेंगू और वायरल फीवर पैर पसार चुका है। बुधवार और गुरुवार दो दिन में ही डेंगू और वायरल फीवर की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें दो मरीज ओल, एक नौहझील और एक गोकुल में मौत हुई है। अब तक डेंगू और बुखार से जिले में करीब छह मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग अभी भी बुखार की चपेट में हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका लापरवाह बने हुए हैं।
कस्बा नौहझील, ओल और महावन क्षेत्र में इन दिनों हर घर में लोग बुखार से तड़प रहे हैं। बुधवार और गुरुवार को मात्र दो दिन में ही एक व्यक्ति नौहझील, एक गोकुल और दो व्यक्ति कस्बा ओल में मौत के मुंह में समा चुके हैं। अब तक जिले में करीब छह लोगों की डेंगू और बुखार से मौत हो चुकी हैं। लगातार होने वाली मौत से अब जिले के लोग घबराए हुए हैं। वह अपनी ओर से हर सतर्कता बरतते हुए नजर आ रहे हैं।
घर में एक सदस्य को बुखार आने के बाद सभी सदस्य इसकी चपेट में आ रहे हैं। बुखार आने के बाद हाथ-पैरों में दर्द के साथ जोड़ों में दर्द लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इसके बाद भी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अंजान बना हुआ है।
चिकित्सकों की टीमें गांव नहीं जा रही हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर डाक्टर नहीं पहुंच रहे हैं। देहात के स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को दवा नहीं दी जा रही है। न ही अभी तक गांव और शहर में फॉगिंग कराई गई है।