फ़ोटो-गोशाला का निरीक्षण करती ब्लॉक व ट्रस्ट की टीम।
ऊधर गोशाला पहुंची ब्लॉक की टीम के साथ अभद्रता
थाने में दी तहरीर, आज ट्रस्ट को सौंपी जाएगी गोशाला, बीडीओ ने मांगा पुलिस बल
संवाद न्यूज एजेंसी
मांट। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत ऊधर की अस्थाई गोशाला को अनंत सेवा ट्रस्ट को देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। बुधवार को बीडीओ गोशाला ट्रस्ट को हस्तांतरित करेंगे। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी विपिन गर्ग का पत्र मिलने के बाद मंगलवार को खंड विकास अधिकारी प्रभात रंजन, एडीओ दिग्विजय सिंह, पंचायत सचिव हरेंद्र सिंह, अनंत सेवा ट्रस्ट की सचिव रुपाली अग्रवाल, प्रबंधक पंकज यादव ऊधर गोशाला पहुंचे। यहां निलंबित प्रधान अशोक चौधरी व उनके परिजन बिना अनुमति गोशाला में वीडियोग्राफी करने लगे, रोकने पर उन्होंने अधिकारियों से अभद्रता कर दी। बीडीओ ने इस संबंध में थाना मांट में 12 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें सरकारी कार्य में बाधा और अभद्र भाषा बोलने का आरोप लगाया गया है।
गोशाला शुरू से ही विवाद में रही है। इसका संचालन ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के हाथ में था। लापरवाही बरते जाने पर ग्राम प्रधान अशोक चौधरी व पंचायत सचिव मनिंद्र कुमार को निलंबित किया जा चुका है। पूर्व में एक अन्य सचिव दिनेश कुमार भी इसी मामले में निलंबित किए जा चुके हैं। इसके बाद अधिकारियों ने गोशाला का संचालन किसी संस्था को देने का मन बनाया, पर कुछ ग्रामीण इसके पक्ष में नहीं थे। ग्रामीणों का कहना है कि संस्था गोशाला की आड़ में चारागाह की 99 एकड़ जमीन पर कब्जा कर लेगी। अधिकारियों के निर्देश पर 30 नवंबर को ग्राम पंचायत की खुली बैठक बुलाई गई। इसमें अनंत सेवा ट्रस्ट को गोशाला के संचालन का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। प्रस्ताव को डीएम की स्वीकृति मिलने के बाद मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी विपिन गर्ग ने बीडीओ को पत्र लिख कर गोशाला ट्रस्ट को हस्तांतरित करने के लिए कहा था। बुधवार को गोशाला का हस्तांतरण ट्रस्ट को किया जाएगा। इस दौरान संभावित विवाद को देखते हुए बीडीओ प्रभात रंजन ने पुलिस बल मुहैया कराने के लिए थाना पुलिस को पत्र लिखा है। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि गोशाला के लिए पुलिस बल भेजा जायेगा। हंगामा करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।