राजकीय इंटर कालेज की खस्ताहाल इमारत की मरम्मत और विद्यालय के सुंदरीकरण की जिम्मेदारी अब कालेज के पुराने छात्रों ने एकजुट होकर ली है। इस प्रस्ताव पर रविवार को स्थानीय होटल में आयोजित एल्युमिनाई मीट में सहमति बनी।
राजकीय इंटर कालेज मथुरा में वर्ष 1980 और 1982 में पढ़ने वाले छात्र अपने-अपने परिवार के साथ रविवार को डैंपियर नगर स्थित निजी होटल में जुटे। इनमें उत्तरांचल के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. आनंद भारद्वाज, नवोदय विद्यालय के सहायक आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, रुड़की आईआईटी के विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रा आदि अधिकारी और बिजनेसमैन शामिल थे। इन्होंने मीट के दौरान राजकीय इंटर कालेज के वर्तमान हालात और बदहाल बिल्डिंग को सही कराने पर भी विचार विमर्श किया। इसके बाद सभी ने एकजुट होकर कालेज का सूरतेहाल बदलने पर सहमति जताई। इसमें आम जनता और समाजसेवियों की सहायता लेने पर भी विचार विमर्श हुआ। इस दौरान डॉ. अखिलेश यादव, प्रवीण पांडेय, योगेंद्र सिंह समेत दो दर्जन से अधिक पुराने छात्र और उनके परिवारीजन उपस्थित रहे।