मथुरा। डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को और आधुनिक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब सभी डाकघरों में पंजीकृत डाक सेवा को स्पीड पोस्ट सेवा में शामिल करने की तैयारी है। इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों को दस्तावेज और पत्र तेजी से और सुरक्षित ढंग से मिल सकेंगे। ग्राहकों की जेब पर इसका बोझ भी बढ़ेगा।
डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एक अक्तूबर से सभी डाकघरों में पंजीकृत डाक स्पीड पोस्ट में बुक होगी। उन्होंने बताया कि जिले के एक प्रधान डाकघर, 51 उप डाकघर और 198 शाखा डाकघरों से रोजाना पंजीकृत डाक 900 से 1200 के बीच बुक होती थीं। इसके साथ ही स्पीड पोस्ट 1200 से 1600 के बीच बुक होती हैं। उन्होंने कहा कि स्पीड पोस्ट से डाक बुक करने में ग्राहकों की डाक पूर्ण रूप से सुरक्षित रहेगी तथा पहुंचने का समय पता चलता रहेगा। पंजीकृत डाक का वजन 20 ग्राम तक होने पर बुक करते समय 26 रुपये का भुगतान करना होता है। इससे अधिक वजन की डाक बुक होगी तो प्रति 20 ग्राम वजन बढ़ने पर 5 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वही स्पीड पोस्ट से डाक बुक करते समय 50 ग्राम तक 41 रुपये देने होते हैं। जबकि वजन बढ़ने पर उसका चार्ज भी बढ़ता है। सीनियर पोस्ट मास्टर युवराज सिंह ने बताया कि स्पीड पोस्ट से भी डाक बुक होकर समय से पहुंचेगी।
समय पर पहुंचेगी डाक
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक पंजीकृत डाक की डिलीवरी में अधिक समय लगता था, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद स्पीड पोस्ट की रफ्तार से डाक पहुंचेगी। इससे लोगों को न्यायालय, बैंकिंग, शिक्षा और सरकारी कामकाज से जुड़े दस्तावेज जल्दी प्राप्त होंगे।
लाभ
- ग्रामीण क्षेत्रों तक भी तेज और सुरक्षित डिलीवरी।
- सरकारी और निजी कामकाज समय पर निपटाने में आसानी।
- ग्राहक मोबाइल से डाक की स्थिति देख पाएंगे।
एक अक्तूबर से पंजीकृत को स्पीड पोस्ट में बदला जा रहा है। जिले में रोजाना 1200 पंजीकृत डाक और 1600 स्पीड पोस्ट बुक होती हैं।
- विजेंद्र, प्रवर डाक अधीक्षक