कैश की किल्लत से जूझ रही बैंकें अब गांव-गांव कैशलेस पाठशाला लगाकर लोगों को जागरूक करेंगी। इस पाठशाला में लोगों को प्लॉस्टिक मनी के प्रयोग की जानकारी दी जाएगी। बैंकों में कैश की किल्लत और लोगों की पुरानी मानसिकता को बदलने के लिए अब बैंक देहात क्षेत्र के लोगों को जागरूक करेंगी। इसके लिए बैंक मित्रों का भी सहारा लिया जाएगा।
जिले की अग्रणी बैंक सिंडीकेट ने इसके लिए पहल शुरू कर दी है। बैंक की ओर से अपने बैंक मित्रों को ट्रेनिंग दी जा रही है। इस ट्रेनिंग में क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, एटीएम को बनवाने से लेकर उसके प्रयोग तक की जानकारी दी जा रही है।
इसके अलावा एक खाते से दूसरे खाते में धनराशि ट्रांसफर के तौर-तरीकों के अलावा इसकी सुरक्षा पर भी गांव के लोगों की जिज्ञासा शांत की जा रही है। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एके प्रसाद ने बताया कि हमने चौमुंहा ब्लाक से इसकी शुुरुआत कर दी है। देहात अंचल के लोगों के अलावा कारोबारियों को भी कैशलेस सिस्टम में ट्रेंड करने के लिए प्रोग्राम कराए जा रहे हैं।