भरतपुर। डीग जिले की सीकरी थाना पुलिस ने दौसा में गो-तस्करी के दौरान एक होमगार्ड की हत्या करने वाले गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने सूचना पर पालकी चौराहा पर नाकाबंदी कराई। इस दौरान एक गाड़ी गांव दौराला की तरफ से तेज गति से आती दिखाई दी। उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और सड़क पर लगाए गए कांटों के ऊपर से निकाल ले गया। इससे गाड़ी के चालक की ओर का पिछला पहिया पंचर हो गया। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पालकी चौराहा से करीब 100 मीटर आगे घेर लिया।
इस दौरान तीन गो-तस्कर उतर कर जंगल में भागने लगे। पीछा कर एक गो-तस्कर इदरीश उर्फ बहरा को आरक्षी नीरज ने पकड़ लिया। अन्य खेतों में खड़ी सरसों की फसल में छिप गए। तलाशी में दूसरा आरोपी साजिद भी पकड़ लिया। तीसरा आरोपी गांव रामसिंहपुर की आबादी में होकर भाग गया। गाड़ी में 9 गोवंश भरे मिले। इदरीश उर्फ बहरा निवासी फतेहपुर, थाना पहाड़ी, जिला डीग व साजिद उर्फ सज्जी निवासी उटावड़, थाना उटावड़ मोड़, जिला पलवल हाल निवासी नेहदा थाना बिछोर जिला नूहं मेवात से पूछताछ की जा रही है।
भागने वाले साथी का नाम ताहिर निवासी घाटमीका, थाना पहाड़ी जिला डीग बताया। इदरीश उर्फ बहरा कुख्यात गोतस्कर है। उस पर गो-तस्करी, हत्या, हत्या का प्रयास जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी सन 2013 में थाना महुआ, दौसा में पुलिसकर्मी की हत्या में संलिप्त था। मुकदमे में पिछले एक वर्ष से वांछित चल रहा था।