वृंदावन। कोचिंग सेंटर, होटल में आग लगने की घटना के बाद शासन के निर्देश पर परिवहन निगम भी एक्टिव मोड में आ गया है। जहां एक तरफ यात्री बसों की चेकिंग की जा रही है, वहीं स्कूली वाहनों की चेकिंग अभियान चल रहा है। अब तक सड़कों पर दौड़ रहे 700 वाहनों को नोटिस थमाए गए हैं।
आगजनी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्कूल वाहन और यात्री बसों की सुरक्षा को लेकर परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने विशेष चेकिंग अभियान के निर्देश दिए हैं। इसके लिए चार टीमें गठित की है। दो टीमें एआरटीओ प्रवर्तन एवं दो पीटीओ के निर्देशन में चेकिंग अभियान में लगी हैं। मथुरा जिले में 1200 स्कूल वाहन हैं। इन टीमों ने 700 स्कूल वाहनों को नोटिस जारी किया है। नोटिस के जरिए परिवहन विभाग ने स्कूल बसों एवं वैनों में सुरक्षा मानकों के अनुसार इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें प्रत्येक वाहन में आग बुझाने के सिलिंडर होने चाहिए। वाहन चालक और परिचालक पर आग बुझाने के सिलिंडर को चलाना आना चाहिए। ताकि समय पर वह आग से बचाव कर सकें।
इसके अलावा आपातकालीन दरवाजा दुरुस्त होना चाहिए। इसके अलावा मार्ग पर भी वाहन चेकिंग की जा रही है। इसमें सुरक्षा मानकों के इंतजामों को जांचा जा रहा है। यात्री बसों को भी मार्गों पर चैक कर उन्हें चेतावनी दी जा रही है। आरआई नरेश कुमार ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर स्कूल वाहन और यात्री वाहनों की जांच अभियान चला रहा है। इसमें वाहनों की फिटनेस के समय भी आग से सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जा रहा है।