मथुरा। जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी तंत्र को और मजबूत किया है। सीएमओ ने इसके लिए 12 नोडल अधिकारी नामित किए हैं। प्रत्येक अधिकारी को सप्ताह में दो ग्रामीण तथा दो शहरी क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नोडल अधिकारी स्थलीय निरीक्षण की रिपोर्ट सीएस प्रो एप पर डाउनलोड करेंगे। ताकि उच्च अधिकारियों को जिले में अभियान की प्रगति की वास्तविक जानकारी होती रहे।
सीएमओ डॉ. राधावल्लभ ने बताया कि जिले भर में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांवों में साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा स्प्रे, जागरुकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। अभियान के तहत होने वाले कार्यों पर निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 10 चिकित्सकों समेत 12 स्वास्थ्य अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया है।
ये बने हैं नोडल अधिकारी
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव यादव को छाता, डॉ. आलोक कुमार को सोनई, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी राठौर मथुरा-वृंदावन, डॉ. वीडी गौतम बलदेव, डॉ. गोपाल गर्ग को फरह, डॉ. अनुज चौधरी को चौमुहां, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. पियूष सोनी राल, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रोहिताश तेवतिया मांट, जिला प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनुज कुमार को गोवर्धन, डॉ. हिमांशु मिश्रा बरसाना, डीपीएम संजय सिहोरिया कोसीकलां और पारुल को नौहझील का नोडल अधिकारी बनाया है।