जिले के विभिन्न रोडवेज बस स्टैंड पर वाई-फाई इंटरनेट की सुविधा यात्री इंतजार ही कर रहे हैं। अगस्त माह से सेवा शुरू कराने का दावा करने वाला उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम आधा जनवरी माह बीतने के बाद भी सुविधा शुरू नहीं करा सका है।
जिले में मथुरा के भूतेश्वर बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, वृंदावन और गोवर्धन रोडवेज बस स्टैंड पर निजी कंपनी के सहयोग से रोडवेज वाई-फाई इंटरनेट की सुविधा मुहैया कराने वाला था। यह सुविधा यात्रियों के लिए निशुल्क थी।
रोडवेज अधिकारियों ने बीते वर्ष अगस्त माह में इंटरनेट सेवा आरंभ कराने के दावे किए लेकिन सेवा प्रदाता कंपनी की लापरवाही और रोडवेज अधिकारियों के ढुलमुल रवैए के कारण ये दावे पूरे नहीं हो सके।
इसके बाद दीपावली और फिर नए वर्ष से सुविधा शुरू होने की संभावना व्यक्त की गई लेकिन जनवरी माह के आधा बीतने के बाद भी यह सुविधा आरंभ नहीं हो सकी है। इससे रोडवेज यात्री अभी तक इंटरनेट सेवा से वंचित हैं।