बरसात में दिल्ली-आगरा हाईवे जगह-जगह से उखड़ गया है। हादसे हो रहे हैं। इससे खफा जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अफसरों को तलब कर लिया है। वहीं सिक्सलेन निर्माण में होने वाली सुस्ती पर भी नाराजगी जताई है।
पिछले चार साल से दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को फोर लेन से सिक्स लेन में बदलने का काम चल रहा है। कार्य की रफ्तार इस कदर धीमी है कि यह जनपद के लिए गंभीर समस्या बन कर सामने आ रहा है। निर्माण के चलते मथुरा शहरी क्षेत्र सहित विभिन्न कस्बों में हाईवे किनारे और हाईवे पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। इसमें गोवर्धन चौराहा, मंडी समिति चौराहा क्षेत्र, छटीकरा, रिफाइनरी सर्विस लेन और फरह सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।
बरसात के दौरान हाईवे प्राधिकरण ने जल निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया है। इसकी अनेक शिकायतें डीएम तक पहुंच रही हैं। इस पर गंभीर डीएम निखिलचंद्र शुक्ला ने शनिवार को प्राधिकरण अफसरों से वार्ता करते हुए निर्माण एजेंसी के अफसरों को तलब किया है।
डीएम ने डीआरएम को बताई जलभराव की समस्या
फरह में हॉल्ट स्टेशन से संबंधित कार्य के दौरान रेलवे ने निकटवर्ती पुलिया से होने वाली जल निकासी को रोक दिया है। इससे आसपास की कालोनियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस समस्या के संबंध में शिकायत पर डीएम ने शनिवार को डीआरएम आगरा से वार्ता की। सुझाव दिया कि कुछ समय पानी की निकासी करते हुए फिर उसे बंद कर दिया जाए। इससे संबंधित कालोनियों में जलभराव की समस्या का निदान हो जाएगा।