जीएसटी की घटी हुईं दरें रविवार से लागू हो गईं। इन दरों के कम होने का असर कई सेक्टरों में देखने को मिलेगा। कारों से लेकर दोपहिया वाहनों की कीमतों में गिरावट होने से नवरात्र के पहले दिन की डिलीवरी के लिए ऑटो मोबाइल शोरूमों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। कारोबारियों का कहना है कि कीमतें गिरने से इस बार बाजार नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
विज्ञापन
Trending Videos
उमा मोटर्स के प्रोपराइटर पवन चतुर्वेदी ने बताया कि ऑटोमोबाइल में जीएसटी की दरें 28 से 18 फीसदी होने पर मारुति सुजुकी ने कारों की कीमतों में भारी कटौती की है। इस कटौती के बाद ऑल्टो K10, वैगन-आर, स्विफ्ट, डिजायर, बलेनो, ब्रेजा, फ्रॉन्क्स और एस-प्रेसो जैसी हैचबैक और एसयूवी मॉडल्स की कीमतों में 46,000 से लेकर 1.29 लाख रुपये तक की राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह कदम त्योहारी सीजन से पहले उठाया गया है। जीएसटी में कमी के चलते छोटे और मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए कार खरीदना अब और आसान होगा।
उमा मोटर्स के निदेशक पीयूष चतुर्वेदी ने बताया कि जीएसटी दरों में कमी के साथ ही मारुति सुजुकी ने कारों की कीमतों में भी अतिरिक्त कटौती की है। नई कीमतें कई मॉडलों पर इतनी कम हो गई हैं कि वे 4–5 साल पहले की दरों के बराबर आ पहुंचीं हैं। पिछले साल 10 हजार वाहनों की बिक्री हुई थी। इस बार 20 से 30 फीसदी तक इजाफा होने की उम्मीद है।
ब्रजवासी सुजुकी के प्रोपराइटर स्पर्श गर्ग बताते हैं कि दोपहिया वाहनों का बाजार भी इस बार नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। दोपहिया वाहनों के दाम लगभग 26 हजार रुपये तक कम हुए हैं। कंपनियों ने रविवार रात को ही रेट लिस्ट जारी की है, लेकिन नवरात्र में गाड़ी खरीदने के इच्छुक लोगों ने इन्क्यवारी शुरू कर दी है। आज ही 50 से ज्यादा लोगों ने विभिन्न मॉडल्स की खरीद के लिए जानकारी हासिल की है। उनका कहना है कि जीएसटी की दरें घटने से निश्चित ही ऑटो मोबाइल का बाजार चमक उठेगा।
ब्रिज होंडा के विजय चतुर्वेदी का कहना है कि जीएसटी दरों के कम होने से नवरात्र से दिवाली तक बाजार का स्वरूप बदला नजर आएगा। कंपनियों ने स्कीम भी जारी की हैं। इन स्कीमों का लाभ भी खरीदारों को मिलेगा।