मथुरा। भरतपुर रोड पर दंपती से लूट करने के लिए भतीजे ने ही साजिश रची थी। पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। उनके पास से 2.10 लाख रुपये बरामद हुए हैं, जबकि 50 हजार रुपये खर्च कर दिए।
मांट के नगला घूरे निवासी चौहान सिंह ने राजस्थान के डीग के थाना कुम्हेर क्षेत्र के गांव रारह में अपने भाई वीरेंद्र सिंह को मकान बेचा था। पूर्व वह भी वहीं रहते थे। मंगलवार को उनकी पत्नी और वह डीग से अपने भाई के नाम रजिस्ट्री कराकर 2.70 लाख रुपये लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान भरतपुर रोड पर तारसी चौराहे के निकट उनके साथ लूट हो गई।
सीसीटीवी के माध्यम से पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें रारह गांव निवासी चौहान सिंह का भतीजा दशरथ भी शामिल है। दशरथ ने अपने गांव के दोस्त प्रदीप और साले आगरा के खांदौली थाना क्षेत्र के सौरई निवासी जयप्रकाश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। सीओ अनिल ने प्रेसवार्ता में बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। घटना का खुलासा करने टीम के लिए एसएसपी 10 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।