नेपाल से आए भक्तों के साथ सांसद हेमा मालिनी।
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा का सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि ब्रज राधाकृष्ण की क्रीड़ा स्थली ही नहीं बल्कि उनका हृदय स्थल है। यहां के कण-कण में राधाकृष्ण का वास है। तभी समूचे ब्रज में राधाकृष्ण की गूंज सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि अगर भारत को विश्व गुरु बनाना है तो गीता के उपदेशों का अनुसरण करना होगा।
हेमा मालिनी ने गुरुवार को कृष्ण बलराम इस्कॉन मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद यहां नेपाल से आए भक्तों से मुलाकात की। सांसद ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध सदियों पुराना है। नेपाल में हिंदू रीति रिवाज आज भी सबसे ज्यादा प्रचलित हैं। उन्होंने नेपाल से आए करीब एक हजार भक्तों को भक्ति की शक्ति बताई और कहा कि कृष्ण नाम संकीर्तन ही सबसे बड़ी साधना है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल को एक समृद्ध राष्ट्र के रूप में देखना चाहते हैं। इसके लिए वह कई बार नेपाल की यात्रा भी कर चुके हैं। इससे पूर्व काठमांडू स्थित इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष रूपेश्वर गौरदास ने सांसद हेमा मालिनी का स्वागत किया।
इस्कॉन के जनसंपर्क निदेशक सौरभ त्रिविक्रम दास ने सांसद को गीता की पुस्तक व प्रसाद भेंट किया। वहां मौजूद नेपाली भक्तों ने हरिकीर्तन की धुन पर हेमा को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर रामहरिदास, विश्वजीत ब्रजेश दास, पत्री प्रभु, आदि लोग मौजूद रहे।