वृंदावन। राष्ट्रवीर योद्धा राणा सांगा के अपमान को लेकर सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ दाखिल आपराधिक वाद में शुक्रवार को एमपी-एमएलए विशेष न्यायालय मथुरा में कथावाचक कौशल किशोर ठाकुर का बयान दर्ज होना था, लेकिन न्यायालय में न्यायाधीशों के आंतरिक परिवर्तन के चलते सुनवाई नहीं हो सकी। अब अगली सुनवाई 12 मई को होगी।
यह मामला 24 मार्च 2025 को तब उठा जब कथावाचक ठाकुर ने अदालत में याचिका दाखिल की, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद रामजी लाल सुमन ने राष्ट्रनायक राणा सांगा के प्रति सार्वजनिक रूप से अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। यह अपमान न केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व का है, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की अस्मिता का भी अपमान है। इस याचिका में सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता रीना सिंह भी पक्षकार के रूप में जुड़ी हुई हैं।
कौशल किशोर ठाकुर, जो कि वृंदावन स्थित सनातन धर्म रक्षा पीठ के पीठाधीश्वर हैं। उन्होंने कहा राणा सांगा राष्ट्र के महान नायक थे, उनका अपमान देश का अपमान है। रामजी लाल सुमन के खिलाफ रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।