मुस्लिम भाइयों को भाजपा सरकार का भय दिखाया जा रहा है। बुरी तरह से परास्त होने वाले कुछ सियासी लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। वह यह भूल जाते हैं कि मुस्लिमों का भाजपा से बड़ा जुड़ाव रहा है। मोदी और योगी सरकार में मुस्लिम हमेशा सुरक्षित रहेंगे। उनका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। यह कहना है उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का। सोमवार को वृंदावन पहुंचे दिनेश शर्मा से कई बिंदुओं पर हुई बातचीत के प्रमुख अंश पेश हैं।
सवाल: प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद मुस्लिम समाज में एक डर जैसा माहौल बनाया जा रहा है।
जवाब: योगी सरकार में मुस्लिम भाई पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। सरकार का कानून सबके लिए एक है। कोई धर्म और जाति देखकर कानून का पालन नहीं कराया जा रहा है।
सवाल: क्या बूचड़खाने पूरी तरह से बंद करा दिए जाएंगे, मांस की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। मीट बिक्री से जुड़े तमाम लोग बेरोजगार हो गए हैं। उनके परिवार का पालन कैसे होगा।
जवाब: सरकार ने वधशालाओं को बंद नहीं कराया है, बल्कि अवैध वधशालाएं बंद कराई जा रही हैं। जो लाइसेंस से चल रही हैं वह चलेंगी। मीट की बिक्री भी लाइसेंस के साथ की जा सकेगी।
सवाल: आजम खां को 2015 में गोवर्धनपुरी के शंकराचार्य ने गाय भेंट की थी। लेकिन अब उन्होंने यह कहकर गाय वापस कर दी कि प्रदेश का माहौल ठीक नहीं रह गया है।
जवाब: गाय हमारी आस्था का प्रतीक है। गाय की रक्षा करना हमारा दायित्व भी है। जो लोग कह रहे हैं कि प्रदेश का माहौल ठीक नहीं है वह सियासत कर रहे हैं। आस्था से जुड़े बिंदुओं पर सियासत ठीक बात नहीं है।
सवाल: क्या ऐसा नहीं लगता कि योगी के आने के बाद से जनता के बीच मोदी का नाम कुछ कम हो रहा है। मोदी की जगह प्रदेश में योगी-योगी हो रहा है।
जवाब: ऐसा नहीं है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें मैं नहीं हम चलता है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने देश की सियासत को एक नया रंग दिया है। जनता का विश्वास जीता है।
सवाल: प्रचंड बहुमत से आई सरकार से जनता को बड़ी उम्मीद है। जो वादे किए थे वह कब तक पूरे हो जाएंगे। योजनाओं पर अमल कब से शुरू हो जाएगा।
जवाब: कैबिनेट की पहली बैठक में किसानों का ऋण माफ किया गया। गेहूं खरीद पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है। अभी तो शुरुआत है आगे भी किसानों के लिए बहुत कुछ किया जाएगा।