मथुरा। हाईवे थाना के धाैलीप्याऊ निवासी संगीत शिक्षक काैशल सक्सेना (24) की ट्रैक्टर की टक्कर से माैत हो गई। बुधवार सुबह स्कूटी से स्कूल जा रहे थे। धाैलीप्याऊ क्षेत्र में हुए हादसे की जानकारी पर थाना पुलिस माैके पर पहुंच गई और परिजन को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कौशल सक्सेना हाईवे किनारे स्थित कान्हा माखन पब्लिक स्कूल में संगीत के शिक्षक थे। रोजाना की तरह वह सुबह करीब 8:00 बजे स्कूटी से स्कूल के लिए निकले थे। कुछ दूर आगे चलने पर हाईवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर माैके से भाग गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी पर थोड़ी ही देर में थाना पुलिस माैके पर पहुंच गई। पुलिस ने काैशल को पास के अस्पताल में पहुंचाया और पहचान के आधार पर परिजन को सूचना दी। अस्पताल में इलाज के दाैरान उनकी माैत हो गई। चिकित्सकों के मृत घोषित करने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया है शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। काैशल दो भाइयों में सबसे बड़े थे। अभी उनकी शादी नहीं हुई थी। बेटे की माैत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।