फरह (मथुरा)। फरह के गांव झुड़ावई में बुधवार की शाम हत्यारोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक करीब एक महीने पहले ही हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। सीने और कनपटी पर मारी गईं गोलियां पार हो गईं। शव हरीशचंद के मकान में मिला। आरोप है कि खींचकर घर में ले जाकर हत्या की गई है। हत्या से पहले दोनों में जमकर विवाद गली के नुक्कड़ पर हुआ। पुलिस के पहुंचने से पहले हत्यारोपी फरार हो गए।
थाना फरह के गांव झुड़ावई निवासी इंद्रदेव (50) पुत्र जवाहर सिंह और हरीशचंद में बुधवार की शाम गली के नुक्कड़ पर विवाद हुआ। विवाद में घर में इंद्रदेव को खींचकर ले गए और पिस्टल से उसके सीने पर दो गोली मारी गईं। गोली लगते ही इंद्रदेव जमीन पर गिरकर लहूलुहान हो गया। हत्या से गांव का माहौल गर्मा गया। आनन-फानन में कई थानों की फोर्स गांव में पहुंच गई। पुलिस ने शव को हरीशचंद के मकान से कब्जे में लिया। सीओ रिफाइनरी वरुण कुमार ने बताया कि घर में खींचकर सीने और कनपटी पर गोली मारकर हत्या की गई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मृतक हत्यारोपी है, जो कि करीब एक महीने पूर्व जेल से छूटकर आया था।
चाचा को फंसाने के लिए की थीं कई हत्याएं
इंद्रदेव काफी शातिर था। पुलिस के अनुसार सबसे पहले चाचा बिजेंद्र, मां प्रेमवती और बेटी की हत्या का आरोप इंद्रदेव पर लगा। यह हत्याएं अपने चाचा थान सिंह को फंसाने के लिए की थीं। जून 2019 में वृद्ध दिलीप की हत्या का आरोप लगा था। इसी मामले में करीब एक माह पूर्व ही इंद्रदेव जेल से जमानत पर रिहा होकर आया था। दिलीप, हरीशचंद का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
तमंचा और पिस्टल का खाली कारतूस मिला
फरह पुलिस ने हरीशचंद के घर से एक तमंचा, एक पिस्टल का खाली कारतूस और दरांती बरामद की है। फॉरेंसिक टीम ने भी महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए हैं। बरामद तमंचा और कारतूस को जांच के लिए फॉरेसिंक लैब को भेजा गया है। इधर, एहतियात के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
छत से होकर भागे हत्यारोपी
इंद्रदेव की हत्या करने के बाद हत्यारोपी छत से होकर भाग खड़े हुए। मृतक की पत्नी तीन नाम बता रही है। छत पर जाकर पुलिस ने खून के सैंपल फॉरेंसिक टीम ने एकत्रित करवाए।
झुड़ावई में हत्या हुई है। मृतक भी हत्यारोपी था। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
-डॉक्टर गौरव ग्रोवर, एसएसपी