मथुरा। आखिर किसकी कार थी, जिसमें फरीदाबाद एस्कार्ट कंपनी के रिटायर्ड डिजाइनर सवार थे। उनके साथ कार में दो लोग कौन थे। डिजाइनर की हत्या के बाद जांच में जुटी रिफाइनरी पुलिस के सामने यह तथ्य आया है। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को कार में सवार दो अन्य लोगों के संग रिटायर्ड डिजाइनर दिख रहे हैं। अब पुलिस कार की तलाश कर रही है।
फरीदाबाद के सेक्टर-10 निवासी विजय प्रताप (75) पुत्र नरेंद्र प्रताप 15 फरवरी को गोवर्धन की परिक्रमा देने के लिए अकेले निकले थे। शाम तक नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। बेटी भावना ने 15 फरवरी की रात 7:55 बजे बात की थी। देररात घर पहुंचने की बात पिता ने कही। फिर फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ जाने लगा तो चिंता हुई। बेटे विशाल प्रताप और विकास प्रताप तलाश को निकले तो कोई सुराग नहीं लगा।
16 फरवरी को राधा टाउन के पास सड़क किनारे मिले शव की शिनाख्त परिजनों ने पिता के रूप में की। रिफाइनरी पुलिस अब हत्या के खुलासे में जुटी तो गोवर्धन और राधा टाउन के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस को कार में सवार विजय प्रताप दिख रहे हैं और उनके साथ दो लोग और हैं। फिलहाल पुलिस कार और उन दोनों की तलाश कर रही है। प्रभारी निरीक्षक उत्तमचंद पटेल ने बताया कि तहरीर अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज करेंगे। फिलहाल सीसीटीवी में विजय प्रताप कार में सवार दिख रहे हैं। उनके साथ दो लोग हैं। इसकी तलाश की जा रही है।