मथुरा। वृंदावन के सुनरख में झाड़ू लगाते नगर आयुक्त जग प्रवेश व अन्य।
- फोटो : mathura
मथुरा। नगर निगम ने बृहस्पतिवार को विभिन्न स्थानों पर खाली पड़े प्लॉटों में सफाई अभियान चलाया। सफाईकर्मियों के साथ-साथ दिनभर अधिकारी भी सफाई में जुटे रहे। नगर आयुक्त जगप्रवेश ने खुद सफाई कर लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। खाली प्लॉटों में कूड़ा डालने को लेकर अमर उजाला द्वारा अभियान चलाया गया। इसी का संज्ञान लेकर निगम ने सफाई अभियान शुरू कराया है।
नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत ऐसे स्थलों की भी सफाई कराई जा रही है, जहां लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। इसमें खाली प्लॉट के साथ-साथ विभिन्न चौक-चौराहों पर बने डलाबघर शामिल हैं। नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से वृंदावन के सुनरख और छटीकरा रेलवे स्टेशन के पास कूड़े से अटे पड़े खाली प्लॉटों में सफाई की।
उनके साथ-साथ निगम के अन्य अधिकारी व सफाईकर्मियों ने सफाई कर वहां से कूड़ा हटाया। इस दौरान उन्होंने आसपास के निवासियों एवं राहगीरों को कचरा न फैलाने, कचरा पृथक्करण करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया। इसी तरह अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने जनरलगंज में जीआईसी से होलीगेट तक रैली निकाली और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अभियान के दौरान पार्षद विकास दिवाकर, पार्षद मंजू, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, अधिशासी अभियंता राम कैलाश, स्वास्थ्य अधिकारी महेश चंद्र, क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक समेत अन्य मौजूद रहे।
यहां चला सफाई अभियान
लक्ष्मी नगर में सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक में सफाई कराई। प्रताप नगर मोहल्ले के एक खाली प्लॉट की सफाई कराई गई। कृष्णा नगर में सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी ने स्थानीय पार्षद देवेंद्र कुमार ने सफाईकर्मियों के साथ मुख्य मार्गों पर सफाई कराई और लोगों को जागरूक किया।