वृंदावन। टटिया स्थान आश्रम के सामने स्थित गौशाला क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्या के स्थायी समाधान के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही परिक्रमा मार्ग के किनारे कुंभ मेला क्षेत्र के निकट मिले अतिक्रमण पर भी नाराजगी जताते हुए नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने गौशाला के पीछे जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और कहा कि समस्या के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अपर नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश पाठक को निर्देशित किया कि सोमवार सुबह 9 बजे जलकल और निर्माण विभाग की संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण करें तथा स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में जलभराव की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। इस दौरान नगर आयुक्त ने वृंदावन परिक्रमा मार्ग के किनारे कुंभ मेला क्षेत्र के निकट अतिक्रमण मिलने पर भी अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई कर परिक्रमा मार्ग को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश पाठक, मुख्य सफाई निरीक्षक महेश चंद्र, सफाई निरीक्षक राकेश राजपूत आदि मौजूद रहे।