मथुरा। रेड जोन वाले मथुरा जनपद में मंगलवार से यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होने जा रहा है। कोरोना वायरस के प्रभाव को देखते हुए सभी मूल्यांकन केंद्रों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग मशीन और सैनिटाइजर की खरीद की गई है। सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देश केंद्र प्रभारियों को जारी किए गए हैं।
ग्रीन और ऑरेंज जोन में मूल्यांकन के बाद अब 19 मई से यूपी बोर्ड रेड जोन वाले जनपदों में मूल्यांकन कराने जा रहा है। इसमें शामिल मथुरा में विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम की टीम ने मूल्यांकन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज, ब्लैक स्टोन इंटर कॉलेज, चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज और किशोरी रमण इंटर कॉलेज को सैनिटाइज किया गया है।
इसके अलावा यहां आने वाले परीक्षकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए थर्मल स्क्रीनिंग होगी। इसके लिए थर्मल स्क्रीनिंग मशीन खरीदी गई हैं। डीआईओएस डॉ. राजेंद्र सिंह ने सभी परीक्षकों को उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षकों के मूल्यांकन केंद्र तक पहुंचने के लिए डीएम ने परीक्षक नियुक्ति पत्र को ही मान्य किया है। जनपद में करीब पांच लाख उत्तर पुस्तिकाओं के लिए दो हजार परीक्षकों की नियुक्ति की गई है।