अमृत भारत स्टेशन योजना: MP हेमामालिनी बोलीं- विकास ही पहली प्राथमिकता
- फोटो : अमर उजाला
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 508 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास होगा। रविवार की सुबह पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से योजना की शुभारंभ किया। इसी कड़ी में मथुरा के गोवर्धन रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प होगा। इस दौरान सांसद हेमा मालिनी सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गोवर्धन रेलवे स्टेशन के 16.80 करोड़ की लागत से होने वाले विकास की आधार शिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से रखी। इसके साथ ही सांसद हेमा मालिनी ने शिला पट्टिका का अनावरण किया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि विकास ही पहली प्राथमिकताओं में शामिल है। गोवर्धन में आस्था और विश्वास के साथ श्रद्धालु आते हैं। अब उनको रेलवे स्टेशन पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि सब स्टेशनों का सौंदर्यीकरण हो। रेलवे का सफर सुखद अनुभव महसूस कराए।
यह भी पढ़ेंः- IBPS RRB PO Exam 2023: परीक्षा में सर्वर हैक, बाहर से ऑपरेट किए जा रहे कंप्यूटर; परीक्षार्थियों ने किया हंगामा
रेलवे मंडल के मंडल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि पुनर्विकास योजना में स्टेशन के पूरे एरिया का विकास किया जाएगा। इसमें प्लेटफार्म, शेड, लिफ्ट, ओवरब्रिज का चौड़ीकरण करना, टॉयलेट की सुविधाओं को बेहतर करना शामिल है। रेलवे की कार्मिक शाखा द्वारा जागरूकता के लिए बच्चों के बीच देश और रेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
यह भी पढ़ेंः- भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया को दो साल की सजा: विपक्षी बोले- राहुल गांधी की तरह तुरंत रद्द हो संसद सदस्यता
कार्यक्रम के दौरान राधाकृष्ण की लीलाओं से अभिभूत कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया, महारास, मयूर नृत्य आदि के कार्यक्रम में ब्रज के कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने खूब तालियां बजाई। स्कूली बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी, मेयर दिनोद अग्रवाल, रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, एसडीएम दीपिका मेहर, नगर पंचायत राधाकुंड चेयरमैन रामफल, चेयरमैन प्रभा देवी, संजय शर्मा आदि थे।