धर्म रक्षा संघ की मीटिंग में चर्चा करते संत और धर्माचार्य।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन। धर्म रक्षा संघ के महानिर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी भास्करानंद महाराज की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित हुई। जिसमें कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए कानून को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने के बारे में विचार किया गया। साथ ही बताया कि कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति को धर्म रक्षा संघ आंदोलन चलाएगा।
महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज ने कहा कि जब तक इस कानून में संशोधन नहीं होगा। तब तक मथुरा और काशी समेत किसी भी मंदिर को तोड़कर बनाई गई मस्जिद को हटाकर पुन: मंदिर का निर्माण नहीं किया जा सकता। धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश महाराज ने कहा कि अयोध्या में रामलला का मंदिर निर्माण प्रारंभ हो चुका है।
अब हमें मथुरा और काशी में मंदिर वाले स्थानों को मस्जिदों से मुक्त कराना है। उसमें प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट 1991 बड़ी बाधा है। धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि सभी संतों और कृष्ण भक्तों के सहयोग से जल्द ही धर्म रक्षा संघ श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन प्रारंभ करेगा।
साथ ही 1991 में बने अधिनियम को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगा। बैठक में महामंडलेश्वर स्वामी रुद्रदेवानंद महाराज, महंत मोहिनी बिहारी शरण, आचार्य रामनिहोर शास्त्री, लक्ष्मीनारायण मिश्र, ब्रजकिशोर पचौरी उपस्थित थे। महामंत्री श्रीदास प्रजापति ने धन्यवाद दिया।