मथुरा। भीषण गर्मी और उमस के बीच मोतीकुंज एक्सटेंशन क्षेत्र के लोगों को लगभग 19 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। सोमवार रात एलटी केबल फुंकने व ट्रांसफाॅर्मर में आई खराबी के बाद पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इससे हजारों लोग अंधेरे और गर्मी में बेहाल रहे। लोगों पूरी रात जागकर बिताई। वहीं मंगलवार दिनभर बिजली न आने से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सोमवार देर रात अचानक तेज आवाज के साथ एलटी केबल फुंक गई, जिसके बाद पूरे इलाके की विद्युत सप्लाई बंद हो गई। शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि कुछ ही घंटों में बिजली बहाल हो जाएगी लेकिन पूरी रात बीतने के बाद भी हालात जस के तस बने रहे। कई परिवारों को रात छतों और गलियों में बैठकर गुजारनी पड़ी।
बिजली कटौती का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ा। घरों में लगे कूलर, पंखे और एसी बंद हो गए। पानी की मोटर न चल पाने से पेयजल संकट गहरा गया। दिन निकलने के बाद तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत निगम के अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों ने कंट्रोल रूम और अधिकारियों के सीयूजी नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, कॉल रिसीव नहीं हुई या आश्वासन देकर टाल दिया गया। क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भी नाराजगी रही कि लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं और विभागीय अधिकारी बैठक में व्यस्त हैं। मंगलवार देर शाम क्षेत्र की सप्लाई बहाल हो सकी। बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता शहर मुदित तिवारी ने बताया कि केबल में आग लगने व ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। तकनीकी टीम को मौके पर भेज ट्रासफाॅर्मर व केबल को बदला गया है।