हरियाणा के पलवल जिला के हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव पीरगढ़ी में बुजुर्ग महिला पर हमला करने का मामला सामने आया है। महिला पीरगढ़ी में बेटी की ससुराल में मिलने के लिए गई थी। गांव में दो पक्षों में हुए झगड़े में एक पक्ष के लोगों ने बेवजह बुजुर्ग महिला पर ईंट, लाठी और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
हसनपुर थाना पुलिस ने बताया कि थाना शेरगढ़ के अंतर्गत गांव साहब नगर धुरगढ़ी निवासी सम्मो (78) बेटी जीनत की ससुराल में उससे मिलने के लिए गईं थीं। शनिवार की शाम को गांव पीरगढ़ी में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इसी दौरान गांव निवासी फरियाद, जम्मा, मकसूद व आमिर सहित अन्य लोगों ने अचानक मां पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
परिजन बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए ले गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हसनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में मृतका के बेटे नसीम की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया था। बुजुर्ग महिला की मौत के बाद इस हत्या में तरमीम कर दिया गया है। मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।