कोसीकलां थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रही मां-बेटे व बेटी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी की हालत नाजुक है। राहगीरों व पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा थाना क्षेत्र के बठैन गेट के पास आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। नववर्ष की पूर्व संध्या पर बाजार से सामान की खरीदारी कर घर लौट रही मां-बेटी एवं डेढ़ वर्षीय बेटे को कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी कार चालक पकड़ लिया है। गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन
थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम करीब आठ बजे राठौर नगर निवासी हनीफा (30 वर्ष) पत्नी रफीक अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र जुबैर और पांच वर्षीय पुत्री ईशा के साथ बठैन गेट पर राजमार्ग पार कर रही थी। तभी तेजगति से आती कार ने उनमें टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रुप से घायल हो गए। दुर्घटना को देख वहां से गुजर रहे लोगों ने सभी को उपचार के लिए नर्सिग होम में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान हनीफा एवं उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र जुबैर की मौत हो गई। बेटी का उपचार चल रहा है।
इसके अलावा एक अन्य हादसे में वहीं राजमार्ग पर गश्त कर रहे बाइक सवार पीआरवी सांड से टकरा गई। इससे बाइक पर सवार दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे पीआरवी 4203 पर तैनात कांस्टेबल राहुल साथी के साथ राजमार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने से आएं सांड से बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों गिरकर घायल हो गए।