मथुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का 19 अक्तूबर को फरह में आयोजित कार्यक्रम को लेकर आला अधिकारी सतर्क हो गए हैं। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी, एसएसपी समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को उच्च सुरक्षा एजेंसी एएसएल ने डेरा डाल दिया है।
दरअसल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 19 अक्तूबर को फरह के गऊ ग्राम परखम स्थित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। गुरुवार को आईजी परिक्षेत्र आगरा दीपक कुमार, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी शैलेश कुमार पांडे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा उच्च सुरक्षा एजेंसी एएसएल अपने स्तर से सुरक्षा-व्यवस्था जांच परख रही है।
कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं सीएम
फरह में डॉ. मोहन भगवत के अगवानी को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक 22 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मोहन भगवत से भेंट कर सकते हैं। गुरुवार को अधिकारियों ने संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही मुख्यमंत्री के आने-जाने वाले मार्गों का भी जायजा लिया।