मथुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार यानी आज शाम वृंदावन के केशव धाम में आएंगे। 23 व 24 अगस्त को वह दो क्षेत्र (उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड) की क्षेत्रीय टीम के साथ बैठक करेंगे। यह बैठक कई चरणों में होगी।
आरएसएस से जुड़े लोगों की माने तो संघ की इस गोपनीय क्षेत्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संघ के विस्तार और समाज में अधिक से अधिक सहभागिता को लेकर भी योजना बनाई जाएगी, जिससे लव जिहाद जैसे मुद्दे से निपटा जा सके। इसके अलावा बैठक के प्रमुख एजेंडे में राष्ट्र निर्माण, नूंह हिंसा, मणिपुर प्रकरण, धर्म जागरण, 2024 में भाजपा की केंद्रीय सत्ता में वापसी, हिंदुत्व को धार, संघ के 100 साल 2025 में पूरे होने पर शताब्दी वर्ष मनाने भी कार्य योजना तैयार की जाएगी।
बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी शिरकत करेंगे। सोमवार को केशव धाम में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा। संघ की इस अहम बैठक में क्षेत्रीय पदाधिकारी तीन माह की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेंगे।