शादीशुदा युवक के प्यार में किशोरी इस कदर अंधी हो गई कि मां-बाप तक को छोड़ दिया। वो उसके साथ घर बसाना का सपना लेकर चुपके से मथुरा तक तो पहुंच गई, लेकिन यहां उसके सपने टूट गए। पुलिस ने किशोरी को पूछताछ के लिए रोका, तो पूरी सच सामने आ गया।
मथुरा में शादीशुदा प्रेमी के साथ शादी करने के इरादे से निकली किशोरी को जंक्शन पर जीआरपी टीम ने बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद जीआरपी ने किशोरी और उसके शादीशुदा प्रेमी को कायमगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि कायमगंज निवासी किशोरी घर पर बताए बिना शादीशुदा प्रेमी देवेंद्र के साथ चली आई थी। परिजनों ने कायमगंज कोतवाली में प्रेमी देवेंद्र के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा रखा है। किशोरी प्रेमी के साथ ट्रेन पकड़कर दूसरे शहर जाने की तैयारी में थी तभी जीआरपी की चेकिंग टीम ने दोनों को प्लेटफार्म संख्या चार से पकड़ लिया। जीआरपी थाना प्रभारी संदीप तोमर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या चार पर चेकिंग की जा रही थी, तभी प्लेटफार्म पर बने पुल की सीढ़ियों के नीचे किशोरी और एक युवक संदिग्ध हालात में खड़े दिखाई दिए।
किशोरी ने बताया कि युवक उसका प्रेमी है। परिजनों का फोन नंबर लेकर बात की तो पता चला कि किशोरी की उम्र 17 वर्ष है। वह 12 जून से प्रेमी देवेंद्र के साथ लापता है। शुक्रवार को कायमगंज कोतवाली के उप निरीक्षक कृष्ण कुमार कश्यप किशोरी के परिजनों के साथ जीआरपी थाने पहुंचे। दोनों को परिजनों की मौजूदगी में कायमगंज कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।