मथुरा। मगोर्रा के जनता इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा देने गए छात्र का रविवार को सुराग नहीं लग सका। अब सवाल खड़ा होता है कि आखिर छात्र आगरा कैनाल में नहीं मिला तो कहां गया। मगोर्रा पुलिस यह मानकर चल रही है कि बोर्ड परीक्षा के डर के चलते तो छात्र खुद ही न भाग गया हो।
शमशाबाद (आगरा) के गांव महरमपुर और हाल नरहौली (थाना हाईवे) निवासी हेमराज (18) पुत्र कल्याण सिंह दसवीं कक्षा में जगन इंटर कॉलेज तारसी में पढ़ता है। बोर्ड परीक्षा देने के लिए 22 फरवरी की सुबह सात बजे घर से निकलकर मगोर्रा के लिए गया। घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। सूचना पर मगोर्रा पुलिस ने तलाश की तो छात्र के जूते और बाइक गांव लालपुर से गुजर रही आगरा कैनाल के डिवाइडर के पास मिले।
पुलिस ने गोताखोर उतारकर, पानी बंद कराकर और जाल डालकर तलाश की, पर सुराग नहीं लग सका। रविवार को भी पुलिस तलाश करती रही, पर खाली हाथ ही रही। सीओ गोवर्धन जितेंद्र कुमार ने बताया कि छात्र बोर्ड परीक्षा के डर के चलते कहीं भाग गया है, जल्द ही छात्र का सुराग लगा लिया जाएगा।