मथुरा। बलदेव में मिनी टैंकर पकड़ा।
- फोटो : mathura
बलदेव (मथुरा)। कस्बे के नरहौली चौराहा पर बुधवार सुबह छह बजे एसडीएम आदेश कुमार, थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह व सहायक आयुक्त खाद्य धीरेंद्र प्रताप सिंह ने 2500 लीटर सिंथेटिक दूध से भरा मिनी टैंकर पकड़ लिया। टीम ने दूध को नष्ट कराया है। टैंकर को सीज कर चालक-हेल्पर को हिरासत में लिया है।
खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य धीरेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा एवं औषधि अधिकारी ज्ञानपाल सिंह ने सिंथेटिक दूध का नमूना लेकर लैब में जांच के लिए भेजा है। पुलिस ने मिनी टैंकर के चालक धौलपुर के बाड़ी निवासी लक्ष्मीनारायण और हेल्पर धौलपुर के मनिया निवासी रामू को पकड़ लिया है। टैंकर धौलपुर से आगरा होते हुए बरौली-बलदेव रोड से जा रहा था, तभी एसडीएम ने उसे पकड़ लिया। चालक ने बताया राया में सादाबाद रोड पर डेयरी पर यह दूध जा रहा है।
एसडीएम आदेश कुमार ने बताया 2500 लीटर सिंथेटिक दूध से भरा मिनी टैंकर पकड़ा है। जांच में सिंथेटिक दूध निकला है। दूध में नींबू मिलाने पर वह फटा नहीं है। दूध में तीन प्रकार के केमिकल माल्टो, स्टार्च, ग्लूकोज, रिफाइंड आदि मिला। सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। चालक व हेल्पर हिरासत में है। सीओ धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दूध नष्ट कर दिया है। मिनी टैंकर को सीज किया गया है।