मथुरा। सौंख के लालपुर से पकड़े गए जम्मू कश्मीर के युवक को मगोर्रा पुलिस ने आगरा के मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां पर युवक का मानसिक परीक्षण कराया जाएगा।
मुड़िया पूर्णिमा मेले के दूसरे दिन सौंख के लालपुर से मगोर्रा पुलिस ने संदिग्ध घूमता हुए जम्मू कश्मीर के युवक को पकड़ा था। पकड़े गए युवक से आर्मी इंटेलीजेंस और स्थानीय खुफिया विभाग ने घंटों पूछताछ की थी। हालांकि आर्मी इंटेलीजेंस और स्थानीय खुफिया विभाग को कुछ भी हासिल नहीं हुआ।
बावजूद संदिग्ध युवक को ऐसे ही छोड़ने के मूड में पुलिस नहीं दिख रही। शुरुआत में जरूर मगोर्रा पुलिस मानसिक रोगी बता रही थी। इसी के चलते जिला अस्पताल में इलाज के बाद जम्मू कश्मीर के युवक तंजीम अख्तर (24) पुत्र अख्तर हुसैन को आगरा के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान/चिकित्सालय आगरा में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी आरके गिरि ने बताया कि जम्मू कश्मीर के युवक को डाक्टर मानसिक परीक्षण करेंगे। अगर मानसिक रोगी निकला तो फिर युवक को उसके परिवार के सुपुर्द किया जाएगा।
आर्मी इंटेलीजेंस-खुफिया विभाग ने की पूछताछ
जम्मू कश्मीर के युवक से आर्मी इंटेलीजेंस और स्थानीय खुफिया विभाग ने फिर पूछताछ की। मकसद केवल यह था कि कहीं इस युवक का आतंकी कनेक्शन तो नहीं है। चर्चा यह भी थी कि युवक के दो युवक और भी थे। अगर ऐसा है तो दोनों कहां गया। पर पकड़ा गया युवक कुछ भी बताने को तैयार नहीं है या फिर नाटक कर रहा है।