मेमोरी गर्ल प्रेरणा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए कोलकाता में अपना परचम लहराया है। यहां उसने अन्य प्रदेशों से आए हुए रिकार्डधारियों के बीच अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरी। प्रेरणा ने जब मात्र एक मिनट में सौ अंक यादकर सभी को सुनाए तो वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर प्रोत्साहन किया।
कृष्णानगर स्थित पद्मपुरी कालोनी निवासी प्रेरणा शर्मा अपनी याद्दाश्त के बल पर अपने, अपने परिवार और जिले को गौरवान्वित कर रही हैं। वह अब तक एशिया बुक ऑफ रिकार्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड व लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।
इसी क्रम में रविवार को प्रेरणा शर्मा ने कोलकाता में यूनिवर्सल रिकार्ड बनाया। यहां यूनिवर्सल रिकार्ड की टीम के सामने मात्र एक मिनट में सौ अंक सुनने के बाद ज्यों के त्यों सुनाकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। प्रेरणा शर्मा ने बताया कि इस सफलता के चलते उसे यूनिवर्सल रिकार्ड में शामिल किया गया है। इससे पहले उसे 23 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेरणा शर्मा को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया था।