मथुरा-वृंदावन। यमुना में दो दिन से लगातार जलस्तर घटने के कारण मथुरा-वृंदावन के मंदिरों और आश्रमों के आसपास बुधवार को पानी उतर गया। अगले दो-तीन दिन और जलस्तर घटता रहा तो श्रद्धालुओं को यहां आने में कोई परेशानी नहीं होगी।
हालांकि दोनों जगहों पर घाटों के आसपास अभी पानी है और पुलिस ने यहां जाने पर रोक लगा रखी है। यमुना में आई बाढ़ के कारण मथुरा-वृंदावन के अधिकतर मंदिर, घाट और आश्रम बंद हो गए थे। ऐसे में प्रशासन ने दो-तीन दिन यहां नहीं आने की अपील की थी। लेकिन बुधवार को वृंदावन में जगन्नाथ मंदिर, मदन मोहन मंदिर, चामुंडा मंदिर, कात्यायनी मंदिर के आसपास पानी उतर गया। हालांकि परिक्रमा मार्ग, केसी घाट, देवराहा बाबा घाट, कालीदेह घाट, चीर घाट, शृंगार घाट, भ्रमर घाट पानी में डूबे हैं।
बांकेबिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर व इस्कॉन मंदिर में आसानी से दर्शन किए जा सकते हैं। उधर, मथुरा में रमणरेती आश्रम में पानी उतरने से श्रद्धालु दर्शनोें के लिए पहुंचे। हालांकि प्रशासन घाटों पर जाने की पाबंदी लगा रखी है।