मथुरा में विवादित ढांचे के विध्वंस की बरसी पर शनिवार को जिले में पुलिस अलर्ट मोड पर रही। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद के आसपास पुलिस व पीएसी तैनात रही। डीएम और एसएसपी ने जन्मभूमि परिसर का भ्रमण करके जायजा लिया। जन्मभूमि के गेट पर भड़काऊ नारे लगाने पर दो हिंदूवादी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर सुबह से ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस-पीएसी का पहरा रहा। इस दरम्यान रूट डायवर्जन लागू किया गया था। जन्मभूमि की ओर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रही। सुबह से ही जन्मभूमि और ईदगाह परिसर के आसपास गहमागहमी रही। जन्मभूमि पर दर्शनार्थियों को कड़ी चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। इसके अलावा कोतवाली, गोविंद नगर, सौंख अड्डा सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस फोर्स तैनात किया गया।
दोपहर करीब एक बजे हिंदूवादी संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ता जन्मभूमि के गेट नंबर दो पर पहुंचे और भड़काऊ नारे लगाने लगे। इस पर वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने गोरखपुर के एक स्वयंसेवक और एक अन्य साधुवेशधारी व्यक्ति को हिरासत मेें ले लिया। इसके बाद डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार जन्मभूमि पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने पूरे इलाके का पैदल भ्रमण करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर वाहन चालकों को रोककर तलाशी भी ली। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि छह दिसंबर शांतिपूर्ण ढंग से गुजरा। कहीं किसी तरह के प्रदर्शन या जुलूस की इजाजत नहीं दी गई। यही कारण रहा कि पूरी तरह शांति का माहौल बना रहा।
शौर्य यात्रा आज निकलेगी, कड़ी सुरक्षा रहेगी
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों की ओर से रविवार की सुबह मसानी चौराहे स्थित वेद मंदिर से शौर्य यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा लाल दरवाजा, चौक बाजार, स्वामी घाट, छत्ता बाजार, होली गेट, भरतपुर गेट होते हुए डीग गेट अंगूरी वाटिका पर समापन किया जाएगा। यात्रा का कई जगह स्वागत होगा। इस दौरान सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे।