मथुरा। एक जून से यात्रियों के लिए विभिन्न रूटों पर पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकता है। इसके लिए रेलवे के उच्चाधिकारियों ने रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट के बाद एक जून से बंद की गईं ट्रेनें सुचारु चल सकती हैं। अधिकारी इसकी तैयारियों में जुट गए हैं।
कोविड के चलते यात्रियों की संख्या में काफी गिरावट आई थी। जिसके चलते चल रही ट्रेनों में यात्री नदारद हो गए थे। लिहाजा रेलवे ने इन ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया था। अब जबकि कोविड के केसों में काफी कमी हुई है और लोग कोविड के नियमों को ध्यान में रखते हुए घर से बाहर निकलने लगे हैं तो रेलवे अधिकारी भी कुछ एक ट्रेन को प्रारंभ करने के बारे में गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
माना जा रहा है कि यदि रेलवे के अधिकारियों ने ट्रेन प्रारंभ कीं तो उनमें गाजियाबाद-मथुरा ईएमयूए व मथुरा-अलवर पैसेंजर ट्रेन प्रमुख रहेंगी। डीआरएम के पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन संचालन का निर्णय रेलवे बोर्ड द्वारा लिया जाता है। जिस प्रकार से निर्देश होगा, उसका पालन किया जाएगा। अनलॉक की प्रक्रिया यदि प्रारंभ हुई तो रेलवे अधिकारी इस पर अपना निर्णय ले सकते हैं।