वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। रविवार को दोपहर बाद व्यापारियों ने बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र का बाजार बंद रखकर कॉरिडोर का विरोध किया। सेवायतों के परिवारों की महिलाओं ने मंदिर के चबूतरे पर प्रदर्शन कर सरकार को कोसा। महिलाएं कीर्तन करते हुए बिहारी जी रक्षा करो, स्वामी जी रक्षा करो का उद्घोष किया। देर शाम सभी व्यापारियों ने विद्यापीठ मार्ग पर बैठकर विरोध किया और मंदिर तक पैदल मार्च निकाला और मंदिर के चबूतरे पर कीर्तन कर आराध्य से प्रार्थना की।
विरोध के चौथे दिन व्यापारियों ने दोपहर दो बजे के बाद मंदिर क्षेत्र के दाऊजी तिराहा से लेकर विद्यापीठ चौराहा, दुसायत, स्नेह बिहारी आदि इलाकों में अपने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। इससे मंदिर के दर्शन को आए श्रद्धालुओं को मंदिर खुलने तक खाने-पीने की सामग्री की दिक्कत हुई।
विद्यापीठ चौराहे, बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर लद्दाराम धर्मशाला के सामने बैठकर व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए कॉरिडोर को लेकर नारेबाजी भी की। एक स्वर से व्यापारियों ने कहा कि किसी भी कीमत पर शासन-प्रशासन की मनमानी सहन नहीं करेंगे। कॉरिडोर बनाने के नाम पर वृंदावन के प्राचीन स्वरूप और कुंज गलियों के अस्तित्व को नहीं मिटने देंगे।
यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार मांगों को नहीं मानती। अपनी आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। वृंदावन की कुंज गलियां विश्व प्रसिद्ध हैं। यहां जब कुंज गलियां ही नहीं रहेंगी तो इस नगरी की पहचान क्या रहेगी। शाम लगभग 7 बजे बांके बिहारी मंदिर तक पैदल मार्च निकाला। इस पैदल मार्च में भारी संख्या में मंदिर के सेवायत गोस्वामी, व्यापारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस अवसर पर अलौकिक शर्मा, गोविंद खंडेलवाल, अमित गौतम, राधामोहन, ब्रजेश शर्मा, मनोज शर्मा, राकेश अग्रवाल, राहुल, कुंज बिहारी, गोपाल, मृदुल, अनिल, गोविंद, अंकित, मयूर गोस्वामी, अशोक, प्रिंस, अमित गौतम आदि थे।
वीडियो वायरल, बिहारीजी ब्रजवासियों की रक्षा करें
वर्तमान में सामाजिक कार्यकर्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता महंत मधु मंगल शरणदास शुक्ला द्वारा मदन मोहन मंदिर पर बनाए गए इस वीडियो में ठा. श्रीबांकेबिहारी जी से प्रार्थना करते हुए वे कह रहे हैं कि हे बिहारी जी आप प्रगट हों और ब्रजवासियों की रक्षा करें। आंखों में आंसू बहते हुए महंत मधु मंगल शरणदास शुक्ला भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि विकास के नाम पर जो विनाश किया जा रहा है उससे ब्रजवासियों को बचाएं, क्योंकि जब यहां के ऐतिहासिक धरोहर ही नहीं रहेंगी तो इस वृंदावन को कोई नहीं पूछेगा।
कॉरिडोर में चार गुना मुआवजा देे प्रदेश सरकार : दिनेश
हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि वृंदावन में बिहारी जी कॉरिडोर में प्रदेश सरकार चार गुना मुआवजा दे। वृंदावन में रहने वाले लोग अपना घर, दुकान आदि को छोड़कर दूसरी जगह घर बनाएंगे तो मुआवजा राशि भी उसी के अनुसार होनी चाहिए।
महासभा का मांग है स्थानीय लोगों का अहित नहीं होना चाहिए। कॉरिडोर से संबंधित मुकदमा उच्च न्यायालय में चल रहा है, ऐसे में जब तक न्यायालय का फैसला नहीं आ जाता तब तक कार्य प्रारंभ नहीं करना चाहिए। इस मौके पर हिंदू महासभा के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र गुर्जर, नगर अध्यक्ष विनोद देशवाल, मंडल अध्यक्ष डॉक्टर विद्यासागर गौतम, बृजेश शर्मा, नंदू ठाकुर आदि उपस्थित थे। संवाद