वृंदावन (मथुरा)। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद एवं जीएलए विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में महावन स्थित महाकवि रसखान एवं ताज बीबी की समाधि स्थल पर अष्ट दिवसीय सांझी मेले का आयोजन 18 से 25 सितंबर तक किया जाएगा।
वृंदावन के ब्रज संस्कृति शोध संस्थान का सहयोग इस अष्ट दिवसीय भव्य सांझी महोत्सव में रहेगा।
ब्रज संस्कृति शोध संस्थान के सचिव लक्ष्मीनारायण तिवारी ने बताया कि वृंदावनी सांझी का यह गौरवशाली पल है। मात्र कुछ देवालयों तक सिमट कर रह गई इस अनुपम कला को जन-जागरण कर संस्थान ने देश-विदेश तक पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि विगत दो वर्ष जब कोविड संक्रमण के कारण सारी दुनिया थम कर रह गई, तब भी संस्थान ने अपने सार्थक प्रयासों से ब्रज की वैष्णव उपासना का अंग सांझी कला का ऑनलाइन वेबिनार कर निशुल्क प्रशिक्षण दिया जिससे देश-विदेश के ब्रज प्रेमी भक्त जुड़े।
संस्थान के प्रकाशन अधिकारी गोपाल शरण शर्मा ने बताया कि संस्थान द्वारा वृंदावनी कुंभ बैठक में भी प्रथम बार वृंदावन की गौरवशाली कला सांझी का प्रदर्शन किया गया। अब प्रथम बार भक्तकवि रसखान एवं ताज बीबी के समाधि परिसर में आयोजित होने वाले भव्य सांझी महोत्सव में संस्थान के सांझी कलाकार विश्वजीतदास, ब्रजगोपाल चित्रकार, मदन मोहन शर्मा, संजय सोनी, कमलेश शर्मा व दीपाली कुलश्रेष्ठ अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।