टैंटीगांव (मथुरा)। कराहरी के एक कॉलेज में छात्रा को धूप में खड़ी रखने पर स्कूल पहुंचे अभिभावक के साथ प्रधानाचार्य ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित अभिभावक ने सुरीर पुलिस को प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी है।
चंद्र मोहन सिंह निवासी ढोकलावास ने थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि उसकी भतीजी उमा कक्षा 10वीं की छात्रा है। फीस जमा न होने पर शनिवार को प्रधानाचार्य ने धूप में खड़ा कर दिया, जबकि छात्रा की फीस जमा थी।
फोन पर मिली सूचना पर छात्रा के चाचा चंद्रमोहन फीस रसीद लेकर विद्यालय पहुंचे तो छात्रा धूप में खड़ी थी। इस संबंध में पूछने पर प्रधानाचार्य ने अभद्रता की और नाम काटने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि बच्ची की फीस की रसीद है तो नाम क्यों काट दोगे? इतना कहने पर अभिभावक के साथ प्रधानाचार्य ने मारपीट की। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है।