नंदभवन में समाज गायन करते लोग।
- फोटो : MATHURA
नंदगांव (मथुरा)। चराचर को अमरता का वरदान देने में सक्षम श्रीकृष्ण की दीर्घायु के लिए नंदगांव के नंदबाबा मंदिर में समाज गायन के माध्यम से ईश्वर से आशीष मांगा जा रहा है। समाज गायन के माध्यम से कन्हैया की लंबी उम्र और सुखी जीवन की कामना उनके सखाओं द्वारा की जा रही है।
रानी तेरौ चिर जीवै गोपाल, नंद तिहारौ कान्ह जियौ, महा मुनि देत असीस ब्रजेस आदि पदों से भक्तों के अनूठे प्रेम की भावनाएं साफ छलकती है। समाज में अष्टछाप के कवियों के अलावा अन्य रसिकों की वाणी सुर, लय ताल में झांझ, मजीरा और मृदंग आदि वाद्य यंत्रों के साथ गाया जा रहा है। 500 वर्षों से भी अधिक समय से नंदभवन में समाज गायन की परंपरा चली आ रही है।
बताया जाता है कि गोस्वामीजनों के पूर्वज आनंदघन बाबा ने इसकी शुरुआत की थी। पूर्णिमा से पड़वा तक रात को समाज गायन का आयोजन किया जाता है। समाज का तिथि एवं पर्व के अनुसार उनका गायन किया जाता है। नंदभवन में 30 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। 31 अगस्त को नंदभवन में धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम होंगे।