सरकारी कार्यक्रम में महिलाओं को बांटी पुरानी साड़ियां
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा में अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत सरकारी कार्यक्रम में महिलाओं को पुरानी साड़ियां बांटे जाने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने साड़ियों के विक्रेता आगरा और मथुरा के दुकानदारों की जांच के आदेश दिए हैं।
प्रदेश सरकार ने अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत साठ वर्ष से ऊपर की महिलाओं को आजीवन निशुल्क रोडवेज बस में यात्रा देने की घोषणा की है। योजना की जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार को बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम में आने वाली महिलाओं को निशुल्क साड़ी देने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए 600 साड़ियां आगरा से खरीदी गई थीं। महिलाओं को कार्यक्रम में लाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया था। निशुल्क साड़ी मिलने की जानकारी पर निर्धारित संख्या 500 से अधिक करीब 250 महिलाएं अधिक पहुंच गईं। इस पर मथुरा के एक दुकानदार से 300 अतिरिक्त साड़ियों की खरीदारी की गई।
इसके बाद सभागार में मौजूद महिलाओं को साड़ियों और मिठाइयों का वितरण किया गया था। कार्यक्रम समापन के बाद कुछ महिलाओं ने कॉलेज परिसर में साड़ियों को पैकेट से बाहर निकालते ही हंगामा शुरू कर दिया था। महिलाओं का आरोप था कि उनको पुरानी और घटिया क्वालिटी की साड़ियां दी गई हैं।
इस मामले में जिलाधिकारी सीपी सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने कुल 900 साड़ियों की खरीद की थी, जबकि कार्यक्रम में इतनी महिलाएं नहीं पहुंची थीं। महिलाओं के आरोप की जानकारी पर दुकानदारों की जांच कराने के आदेश दिए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।