खाद्य विभाग द्वारा होली गेट चौराहे पर दूध की डेरी एवं खाद्य तेल के नमूने लिए।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बुधवार को शहर में जांच अभियान चलाया। दूध की डेयरियों से विक्रय होने वाला दूध और पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। वहीं दाल और खाद्य उत्पादों में प्रयुक्त होने वाले तेल के गोदामों पर छापा मारकर नमूने भरे गए हैं।
सहायक आयुक्त डॉ. गौरी शंकर के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसपी तिवारी के साथ टीम ने बुधवार की सुबह होली गेट स्थित कृष्णा डेरी तथा जैन डेरी का निरीक्षण किया। जैन डेयरी से संदेह होने पर दूध तथा पनीर के 2 सैंपल एवं मिल्क वेंडर से दूध के 2 सैंपल तथा कृष्णा डेरी से पनीर एवं दूध का एक-एक सैंपल संग्रहीत किया।
दोनों डेयरी संचालकों को गुणवत्ता युक्त दूध एवं दुग्ध पदार्थ विक्रय करने के निर्देश दिए। उसके बाद टीम श्रीजी डेयरी प्रतिष्ठान पर पहुंची जहां परिसर का निरीक्षण करने के उपरांत दूध का एक सैंपल जांच के लिए संग्रहीत किया।
इसके अलावा टीम द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर मंडी स्थित दालों के गोदाम का निरीक्षण किया। जहां से पॉलिश युक्त अरहर दाल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना संग्रहीत किया गया। उसके बाद टीम ने लक्ष्मी नगर स्थित सिंघल ट्रेडर्स प्रतिष्ठान का निरीक्षण करते हुए सरसों तेल का सैंपल लिया। इसके साथ ही बुलेट लाइट चांसलर सलोनी फॉर्च्यून सरसों तेल, चंबल फ्रेश, चिम्मन फ्रेश सोयाबीन ऑयल आदि के 11 सैंपल संग्रहीत किए। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, देवराज सिंह, भरत सिंह थे।