राया (मथुरा)। दुष्कर्म की पीड़िता 13 साल की छात्रा के शुक्रवार को राया पुलिस 164 के बयान दर्ज कराएगी। पुलिस की दो टीमें आरोपी शिक्षक व उसकी भाभी की तलाश में दबिश दे रही है, पर अभी तक राया पुलिस के हाथ कामयाबी नहीं लग सकी है।
परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने के झांसे में लेकर शिक्षक ने आठवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म किया था। किराए के मकान पर यह कृत्य किया गया। कोल्डड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिलाकर किए गए दुष्कर्म का अश्लील वीडियो भी आरोपी शिक्षक ने बना लिया था। वायरल करने की धमकी देकर भी शिक्षक ने अपने घर पर ले जाकर दुष्कर्म किया। इसमें सहयोग आरोपी की भाभी ने भी किया। आखिरकार पीड़िता के साथ हुए कृत्य की जानकारी मिलने पर मां ने आरोपी शिक्षक और उसकी भाभी के खिलाफ थाना राया में मुकदमा दर्ज कराया।
प्रभारी निरीक्षक ओमहरि वाजपेयी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराकर 161 के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। लगातार आरोपी शिक्षक और उसकी भाभी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। शुक्रवार को पीड़िता के 164 के बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे।