मथुरा में निकाह का झांसा देकर एक साल तक युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी मौलवी को पकड़ने के लिए थाना सदर बाजार पुलिस की एक टीम मुरादाबाद गई है। दूसरी टीम ने मथुरा में आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। बुधवार देरशाम तक कोई भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस ने पीड़ित युवती का मेडिकल कराकर 161 के बयान लिए हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस युवती के कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराएगी।
थाना सदर बाजार की सादुल्लाह मस्जिद में युवती छोटी बहन को पढ़ने के लिए छोड़ने जाती थी। आरोप है कि यहां पर पढ़ाने वाले मौलवी ने युवती को निकाह का झांसा देकर एक साल तक दुष्कर्म किया। निकाह के लिए दवाब बनाया तो मौलवी ने इनकार कर दिया।
एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ था मुकदमा
एसएसपी के आदेश पर मौलवी राशिद निवासी मुरादाबाद, मौलवी सद्दाम निवासी अड्डे वाली मस्जिद सदर बाजार, मौलवी हाशिम निवासी पुलिस लाइन वाली मस्जिद सदर बाजार, प्रबंध समिति सचिव जब्बार (मौलवी को भगाने का आरोप) निवासी थाने के पास और कमाल कुरैशी निवासी छोटा बाजार मुकेरियान मोहल्ला सदर बाजार के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय किशोर ने बताया कि मौलवी की गिरफ्तारी को एक टीम को मुरादाबाद भेजा गया है। दूसरी टीम ने मथुरा में आरोपियों के घर और ठिकानों पर दबिश दी। मेडिकल कराकर युवती के 161 के बयान कराए गए हैं। बृहस्पतिवार को 164 के बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे।