घटनास्थल पर पुलिस व बस की सवारियां
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जिले के सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर प्राइवेट बस को हाईजैक कर बदमाशों द्वारा की गई लूट के मामले में पुलिस तीन दिन बाद भी कोई खुलासा नहीं कर सकी है, जबकि एसएसपी ने खुलासे को पांच टीमें गठित की हैं।
सोमवार की रात दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए हमीरपुर जा रही स्लीपर कोच प्राइवेट बस में माइल स्टोन 89 अंडरपास पुल से सवार हुए बदमाशों ने बस को हाईजैक कर तमंचे के बल पर माइल स्टोन 90 पर कनपटी पर तमंचा रख चालक व परिचालक के अलावा दो दर्जन से अधिक बस में सवार यात्रियों से लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लूट लिए थे। सूचना पर पहुंचे एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बस लूट में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित कीं।
पुलिस द्वारा आसपास के अलावा अलीगढ़, हाथरस के लुटेरे व संदिग्ध लोगों को उठा कर पूछताछ की, मगर तीन दिन बाद भी बस लूट का खुलासा करने में पुलिस नाकाम रही है। पुलिस ने तीन दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर चालक-परिचालक से पहचान कराई है। दूसरी ओर तीन दिन से एक्सप्रेसवे पर रात में गाड़ियों के सायरनों की आवाजें गूंज रही हैं।
बस लूटकांड का खुलासा न होने पर सीओ धर्मेंद्र चौहान ने सुरीर, नौहझील, मांट सर्किल के थानाध्यक्षों एवं दरोगाओं की बैठक ली। यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में हुई लूट के खुलासे को कहा। आवश्यक दिशा निर्देश दिए।