मथुरा। पुलिस विभाग में 105 सिपाही शामिल हो गए। इन सभी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड पास कर ली। मुख्य अतिथि एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने पासिंग आउट परेड की सलामी लेते हुए इन रिक्रूटों को पुरस्कृत किया। इनमें सर्वोत्तम आरक्षी विपुल सहरावत को चुना गया।
बागपत, मेरठ, बुलंदशहर, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर के रहने वाले साल-2018 में यह सभी भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग के लिए इन सभी को मथुरा जनपद मिला। यहां पर छह माह से कड़ी मेहनत करके इन रिक्रूटों ने ट्रेनिंग की। शुक्रवार को 105 रिक्रूटों ने पासिंग आउट परेड पास कर ली तो इनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मुख्य अतिथि एसएसपी ने परेड की सलामी लेकर इन सभी को पुरस्कृत किया।
एसएसपी ने रिक्रूट आरक्षियों को अनुशासन, सत्यनिष्ठा एवं कार्यदक्षता पर प्रकाश डालते हुए आशीर्वचन दिए। इन सभी आरक्षियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। शाम एसएसपी ने सभी 105 सिपाहियों को थानों पर पोस्टिंग कर दी। आरआई रामअवतार सिंह ने बताया कि लॉटरी सिस्टम से बड़े थानों पर सात, छोटे थाने पर पांच और उससे छोटे थानों पर चार सिपाहियों को भेजा गया है। परेड में आरक्षी पीयूष कुमार प्रथम परेड कमांडर, आरक्षी विशाल कुमार द्वितीय परेड कमांडर और आरक्षी दीपक कुमार ने तृतीय परेड कमांडर के कार्य का निर्वहन किया। पासिंग आउट परेड में एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह, सीओ लाइन राममोहन शर्मा के अलावा सभी अफसर मौजूद रहे।