वृंदावन (मथुरा)। स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव का रंगारंग आगाज शनिवार की शाम हो गया। रंग बिरंगी रोशनी में नहाए मंच पर नृत्य, संगीत एवं गायन की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वन महाराज कॉलेज परिसर में स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव 2022 का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह, स्वामी महेशानंद महाराज, वन महाराज कॉलेज के नामदेव शर्मा, रंगनाथ मंदिर की सीईओ अनघा श्री निवासन, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य राकेश चतुर्वेदी और आचार्य गोपी गोस्वामी ने दीप प्रज्वलन और स्वामी हरिदास जी को पुष्पांजलि अर्पित कर किया। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में करवाने का प्रयास करेंगे। इसके साथ स्वामी हरिदास जी के नाम से एक पुरस्कार भी जल्द शुरू कराया जाएगा।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि वृंदावन का स्वरूप भले ही बदल गया हो लेकिन आज भी स्वामी हरिदास के वृंदावन की भक्ति भावना और अध्यात्मिक चेतना का साक्षात अनुभव लोगों को होता है। इसके बाद अजित सिंह के निर्देशन में स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य अकादमी के कलाकारों ने कृष्ण वंदना की प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति को देख सभी ने सराहना की। इसके बाद राजस्थान के लोक कलाकार अमित पलवार ने अपने सहयोगियों संग तालाबंदी से संगीत प्रेमियों को रससिक्त कर दिया। राहुल शर्मा ने संतूर वादन के जरिये संगीत के स्वरों से झंकृत कर दिया। देर रात प्रख्यात शास्त्रीय गायक साज मिश्रान ने सुमधुर कंठ से राधा कृष्ण पर आधारित प्रस्तुत किया। उनके साथ सह कलाकार उनके पुत्र सौरांश मिश्रा के साथ तबले पर त्रितांत पंत, पखावज रप अंकित परीक, हारमोनियम पर धर्मनाथ मिश्रा ने संगत दी। देर रात तक चले शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रम में लोग डटे रहे। कार्यक्रम में नामदेव शर्मा, नगर निगम पार्षद राजेश सिंह पिंटू, श्रीनाथ गोस्वामी, अनूप शर्मा, देवेंद्र शर्मा, अभय वशिष्ठ, विनीत शर्मा, रवि शर्मा आदि थे।